गैजेट्स

Siri से iOS 27 तक बड़ा बदलाव, WWDC में Apple दिखा सकता है AI का नया चेहरा

आज रात 10:30 बजे होने वाला WWDC 2026 सिर्फ एक टेक इवेंट नहीं है, बल्कि इस बार यह Apple के लिए एक बड़ी परीक्षा जैसा माना जा रहा है. पिछले एक साल में जिस तरह AI ने पूरी टेक इंडस्ट्री को बदल दिया है, उसी के बीच अब सबकी नजर इस बात पर है कि ऐपल इस रेस में खुद को कैसे पेश करता है.

बता दें कि ये इवेंट ऐपल के सीईओ के तौर पर टिम कुक का आखिरी इवेंट होगा. चूंकि कंपनी के नए सीईओ का ऐलान पहले ही हो चुका है. जॉन टर्नस कंपनी के नए सीईओ होंगे.

हालांकि WWDC का कीनोट मौजूदा सीईओ टिम कुक ही पेश करेंगे और ये उनका आखिरी इवेंट होगा. हालांकि वो ऐपल के बोर्ड में बने रहेंगे, लेकिन सितंबर में होने वाला iPhone लॉन्च का कीनोट इस बार कंपनी के नए सीईओ जॉन टर्नस ही पेश करने वाले हैं.

चूंकि ऐपल कई साल से अपने इवेंट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का जिक्र कर रहा है, लेकिन फोन में दिया गया AI सतही नजर आता है. कई प्रॉमिस भी कंपनी के फेल रहे हैं. इसलिए इस बार लोगों को इस इवेंट से ज्यादा ही उम्मीदे हैं.

इस बार का सबसे बड़ा फोकस साफ दिख रहा है, और वो है आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस. रिपोर्ट्स और लीक के मुताबिक ऐपल अपने वॉयस असिस्टेंट Siri को पूरी तरह से नए अंदाज में पेश कर सकता है.

Siri में होगा बड़ा बदलाव
कहा जा रहा है कि Siri अब पहले से ज्यादा स्मार्ट, ज्यादा नेचुरल और ज्यादा पर्सनल हो जाएगा. यानी अब सिर्फ कमांड समझने वाला असिस्टेंट नहीं, बल्कि ऐसा सिस्टम जो आपके सवालों को समझकर कॉन्टेक्स्ट के हिसाब से जवाब देगा.

ऐपल इस AI को सीधे iPhone, iPad और Mac के सिस्टम में जोड़ सकता है, जिससे यूजर को अलग से किसी ऐप की जरूरत ही न पड़े.

iOS 27
इस इवेंट में सबसे ज्यादा चर्चा iOS 27 को लेकर है. उम्मीद है कि ऐपल इसमें बड़ा डिजाइन बदलाव ला सकता है. कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया है कि इंटरफेस ज्यादा क्लीन, स्मूद और विजुअली मॉडर्न होगा. साथ ही AI फीचर्स को सिस्टम के अंदर ही गहराई से जोड़ा जाएगा. मतलब आप मैसेज लिख रहे हों, फोटो एडिट कर रहे हों या नोट्स बना रहे हों, हर जगह AI आपकी मदद करता दिखेगा.

ऐपल का एक और बड़ा फोकस प्राइवेसी पर हो सकता है. जहां बाकी कंपनियां क्लाउड पर AI चला रही हैं, वहीं ऐपल कोशिश कर सकता है कि ज्यादा से ज्यादा AI प्रोसेसिंग डिवाइस के अंदर ही हो. इससे यूजर का डेटा ज्यादा सुरक्षित रहेगा. यही ऐपल की सबसे बड़ी स्ट्रैटेजी भी हो सकती है, क्योंकि प्राइवेसी हमेशा से उसकी पहचान रही है.

इसके अलावा macOS, watchOS और visionOS में भी अपडेट देखने को मिल सकते हैं. खासकर Vision Pro के लिए नए फीचर्स और ऐप्स का ऐलान हो सकता है, क्योंकि ऐपल इस प्रोडक्ट को आगे बढ़ाने में काफी जोर लगा रहा है.

हार्डवेयर लॉन्च नहीं
हार्डवेयर की बात करें तो इस बार उम्मीद कम है कि ऐपल कोई बड़ा नया डिवाइस लॉन्च करेगा. लेकिन कुछ लोग मान रहे हैं कि छोटे-मोटे अपडेट या नए एक्सेसरीज दिख सकते हैं. फिर भी असली गेम सॉफ्टवेयर और AI का ही रहने वाला है.

इस बार का WWDC इसलिए भी खास है क्योंकि ऐपल अब तक AI रेस में थोड़ा पीछे माना जा रहा था. Google और Microsoft पहले ही अपने AI प्रोडक्ट्स के साथ काफी आगे निकल चुके हैं. ऐसे में ऐपल पर दबाव है कि वह कुछ ऐसा दिखाए जो सिर्फ नया ही नहीं, बल्कि यूजफुल भी हो.

एक और दिलचस्प बात यह है कि ऐपल शायद एआई को बहुत ज्यादा दिखावे के साथ पेश नहीं करेगा. उसकी कोशिश हो सकती है कि AI को बैकग्राउंड में रखकर उसे रोजमर्रा के काम का हिस्सा बनाया जाए. यानी यूजर को अलग से एआई इस्तेमाल करने की जरूरत न पड़े, बल्कि वह खुद ही हर जगह काम करता रहे.

कुल मिलाकर देखा जाए तो WWDC 2026 Apple के लिए एक टर्निंग पॉइंट साबित हो सकता है. अगर कंपनी इस बार सही तरीके से AI को अपने इकोसिस्टम में फिट कर पाती है, तो वह फिर से गेम बदल सकती है. लेकिन अगर ऐसा नहीं हुआ, तो यह साफ हो जाएगा कि AI की इस नई दुनिया में ऐपल को अभी और मेहनत करनी पड़ेगी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button