लाइफस्टाइल

घर पर मलाईदार दही जमाने के आसान टिप्स, जानें एक्सपर्ट ट्रिक्स

घर पर परफेक्ट दही जमाना किसी आर्ट से कम नहीं है। तभी, शिकायत रहती है कि दही या तो पानी छोड़ देता है या बाजार जैसा गाढ़ा नहीं जमता। अगर आप भी मलाईदार और चक्के जैसा दही जमाने की जुगत में रहते हैं, तो कुकिंग एक्सपर्ट ऐश्वर्या सोनवणे के बताए ये दो तरीके आपके काम आसान कर देंगे।

चाहे आप फिटनेस के लिए लो-फैट दही पसंद करते हों या फिर मेहमानों के लिए फुल-फैट मलाईदार दही, सही तापमान और जामन लगाने का खास तरीका ही असली राज है। मिल्क पाउडर के इस्तेमाल से लेकर फिंगर टेस्ट तक, ये छोटे-छोटे टिप्स आपके घर के साधारण दूध को भी हलवाई जैसे दही में बदल देंगे।

फुल फैट दही बनाने का खास तरीका
बाजार जैसा गाढ़ा और मलाईदार दही बनाने के लिए फुल फैट दूध का इस्तेमाल करें। ऐश्वर्या की खास टिप है कि दूध में मिल्क पाउडर का इस्तेमाल करें। 1 लीटर दूध गरम करें और उसमें थोड़े से गुनगुने दूध में 2-3 चम्मच मिल्क पाउडर घोलकर मिला दें। मिल्क पाउडर डालने से दही में एक्स्ट्रा क्रीमी टेक्सचर आता है और वह बिल्कुल पनीर जैसा जम जाता है।

लो फैट दही जमाने की ट्रिक
जो लोग फिटनेस को लेकर सजग हैं और बिना मलाई वाला दही चाहते हैं, उनके लिए तरीका थोड़ा अलग है। इसके लिए फुल फैट दूध को एक दिन पहले उबालकर फ्रिज में रख दें। अगले दिन दूध के ऊपर जमी मलाई की मोटी परत को पूरी तरह हटा दें। अब इस बिना मलाई वाले दूध को दोबारा गरम करके दही जमाने के लिए इस्तेमाल करें। इससे दही हल्का, चिकना और रोजमर्रा के लिए एकदम परफेक्ट बनता है।

'फिंगर टेस्ट' से जानें तापमान
​दही जमाने में दूध के तापमान का सबसे बड़ा रोल होता है। ऐश्वर्या फिंगर टेस्ट की सलाह देती हैं। दूध को इतना ठंडा होने दें कि जब आप अपनी उंगली उसमें डालें, तो आप आराम से 8 से 10 सेकंड तक गर्मी सहन कर सकें। अगर दूध बहुत ज्यादा गरम होगा तो दही खट्टा और पानी जैसा हो जाएगा, और अगर बहुत ठंडा होगा तो दही जमेगा ही नहीं।

झाग और व्हिस्किंग का महत्व
दही का जामन लगाने से पहले उसे अच्छी तरह फेंट लें ताकि वह स्मूथ हो जाए। दूध में जामन डालने के बाद इसे चम्मच या व्हिस्कर से अच्छी तरह फेंटें। ऐसा करने से दूध में हवा के बुलबुले बनते हैं, जिससे दही का ऊपरी हिस्सा बहुत ही मलाईदार और बनावट में एकसमान जमता है।

जमाने के लिए वातावरण और समय
एक बार जामन लगाने के बाद बर्तन को ढक दें और किसी गरम जगह पर रखें। सबसे जरूरी बात यह है कि 6 से 8 घंटे तक बर्तन को बिल्कुल भी हिलाना या छेड़ना नहीं है। बार-बार हिलाने से दही का स्ट्रक्चर टूट जाता है और वह पानी छोड़ देता है। सर्दियों में आप बर्तन को कपड़े में लपेटकर या बंद ओवन के अंदर भी रख सकते हैं ताकि उसे सही गर्माहट मिले।
 

बेहतर रिजल्ट के लिए प्रो-टिप्स
    दही जमाने के लिए मिट्टी का बर्तन, स्टील या कांच के बर्तन का चुनाव करें।
    लास्टिक के बर्तन का इस्तेमाल न करें क्योंकि यह स्वाद और फर्मेंटेशन दोनों को प्रभावित करता है।
    जैसे ही दही जम जाए, उसे तुरंत 2-3 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें। इससे दही अच्छे से सेट होता है।
    हमेशा ताजे दही का जामन इस्तेमाल करें, ताकि दही का स्वाद मीठा और ताजा रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button